फ्रांस में महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे लाखों लोग, पुलिस से भिड़ंत; 1000 गिरफ्तार

पेरिस में आंसू गैस और लाठीचार्ज, देशभर में 70 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात; स्कूलों की बदहाली और सरकार की सख्ती के खिलाफ भी प्रदर्शन

पेरिस। फ्रांस में महंगाई, स्कूलों की बदहाल स्थिति और पुलिस की सख्ती के खिलाफ शनिवार को बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए। राजधानी पेरिस समेत कई शहरों में लाखों लोग सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पेरिस में मार्च के दौरान तनाव बढ़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस छोड़ी। फ्रांस के गृह मंत्रालय के मुताबिक, देशभर में करीब एक हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया। सरकार ने प्रदर्शनों के मद्देनजर 70 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया था।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देशभर में करीब चार लाख लोग प्रदर्शनों में शामिल हुए, जबकि ट्रेड यूनियनों ने यह संख्या आठ लाख बताई। प्रदर्शनकारियों ने महंगाई से राहत देने, स्कूलों की सुविधाएं सुधारने और विरोध करने के अधिकार की रक्षा करने की मांग उठाई।



पेरिस में 1.10 लाख लोगों ने निकाला मार्च

सरकारी अनुमान के मुताबिक, पेरिस में करीब 1.10 लाख लोग मार्च में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में सरकार विरोधी पोस्टर और बैनर थे। इन पर ‘दमन से विद्रोह पैदा होता है’ और ‘प्रदर्शन करना हमारा अधिकार है’ जैसे नारे लिखे थे।

शुरुआत में मार्च शांतिपूर्ण रहा। इसमें छात्रों, अभिभावकों और बुजुर्गों ने भी हिस्सा लिया। हालांकि, मार्च के अंतिम चरण में कुछ नकाबपोश लोगों ने पुलिस पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकीं। कुछ स्थानों पर कूड़ेदानों में आग लगाई गई और पुलिस की ओर पटाखे फेंके गए। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस, वाटर कैनन और स्टन ग्रेनेड का इस्तेमाल किया। कई जगह प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया।



कई शहरों में झड़पें, दो लोग गंभीर घायल

पेरिस के अलावा लियोन, लिली, मॉन्टपेलियर, नांत और टूलूज समेत कई शहरों में प्रदर्शन हुए। पुलिस ने कुछ स्थानों पर आंसू गैस का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को प्रमुख इलाकों तक पहुंचने से रोका। मार्सेई में भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईं।

रिपोर्ट के मुताबिक, क्लेरमों-फेरां और टूलूज में कम से कम दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। टूलूज में पुलिस के विस्फोटक हथियार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की उंगलियां कटने की खबर है। सुरक्षा के मद्देनजर कई दुकानों के बाहर लकड़ी के पटरे लगाए गए और कुछ संग्रहालय बंद रखे गए।

स्कूलों की बदहाली से शुरू हुआ आंदोलन

फ्रांस में विरोध प्रदर्शन की शुरुआत सितंबर में हाईस्कूल के छात्रों के आंदोलन से हुई थी। छात्र स्कूलों में शिक्षकों की कमी, जर्जर इमारतों, छतों से पानी टपकने और कक्षाओं में पर्याप्त कुर्सियां नहीं होने जैसी समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे थे।

धीरे-धीरे शिक्षक, अभिभावक और ट्रेड यूनियन भी आंदोलन में शामिल हो गए। इसके बाद महंगाई और पुलिस की सख्ती के मुद्दे भी प्रदर्शन का हिस्सा बन गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों पर बातचीत करने के बजाय पुलिस कार्रवाई के जरिए आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है।

मैक्रों सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकार सीमित करने का आरोप

प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सरकार पर विरोध करने के अधिकार को सीमित करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कुछ प्रदर्शनों पर रोक लगाई गई और लोगों को शहरों के प्रमुख इलाकों तक पहुंचने से रोकने की कोशिश हुई।

पेरिस में प्रदर्शन में शामिल 43 वर्षीय नादेज ने कहा कि पिछले सप्ताह शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान उन पर आंसू गैस छोड़ी गई थी। इसके बावजूद वह दोबारा आंदोलन में शामिल हुईं। उनका कहना था कि सड़क पर प्रदर्शन करना उनका कानूनी अधिकार है और वह इसकी रक्षा के लिए आई हैं।

एक 21 वर्षीय छात्र ने भी चिंता जताई कि फ्रांस में लोगों को लगने लगा है कि सरकार उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित करना चाहती है।

पिछले सप्ताह भी हुई थी हिंसा

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले शनिवार को हुए प्रदर्शनों के दौरान उपद्रवियों ने दुकानों के शीशे तोड़े, सामान लूटा, वाहनों में आग लगाई और सरकारी इमारतों को निशाना बनाया था। उस दौरान देशभर में कम से कम 2700 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

इस बार हिंसा दोबारा भड़कने की आशंका के चलते प्रशासन ने बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी।

विपक्षी नेता बोले- मांगें नहीं मानीं तो जारी रहेगा आंदोलन

वामपंथी नेता और राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार ज्यां-ल्यूक मेलेनशों भी पेरिस में प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मैक्रों सरकार को बढ़ते असंतोष को दूर करने के लिए लोगों की मांगें माननी होंगी, अन्यथा प्रदर्शन जारी रहेंगे।

वहीं, ओरलियॉं शहर में हजारों लोगों ने दक्षिणपंथी और आव्रजन विरोधी पार्टी नेशनल रैली के सम्मेलन के खिलाफ मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने पार्टी की नेता मरीन ले पेन और राष्ट्रपति मैक्रों के खिलाफ नारेबाजी की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts