नीरव मोदी पीएनबी घोटाले का आरोपी UAE से भारत डिपोर्ट

सीबीआई ने संदीप मिस्त्री को मुंबई पहुंचते ही हिरासत में लिया, कोर्ट ने भेजा जेल

नई दिल्ली, 29 सितंबर। नीरव मोदी से जुड़े पीएनबी बैंक धोखाधड़ी मामले में वांछित आरोपी संदीप मिस्त्री को सीबीआई ने यूएई से भारत डिपोर्ट कराया है। सीबीआई के मुताबिक, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से यह कार्रवाई की गई। मिस्त्री के खिलाफ जुलाई 2026 में इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था।

जांच एजेंसी के अनुसार, मिस्त्री विभिन्न कंपनियों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करता था। उस पर फर्जी अंतरराष्ट्रीय व्यापार लेन-देन, हीरा, सोना और मोती की ज्वेलरी के कथित फर्जी आयात-निर्यात दस्तावेज तैयार कराने तथा यूएई की डमी कंपनियों के बैंक खातों से धन के लेन-देन में भूमिका का आरोप है। सीबीआई का यह भी आरोप है कि वह सबूत छिपाने के लिए स्वत: डिलीट होने वाले संचार प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करता था।

सीबीआई के अनुसार, यूएई अधिकारियों ने रेड कॉर्नर नोटिस के बाद मिस्त्री को ट्रेस कर गिरफ्तार किया और भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू की। वह 28 सितंबर की रात 11:55 बजे मुंबई पहुंचा, जहां सीबीआई की मुंबई टीम ने उसे हिरासत में लिया। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे जेल कस्टडी में भेज दिया गया।

सीबीआई के मुताबिक, इंटरपोल चैनलों के समन्वय से पिछले कुछ वर्षों में 175 से अधिक वांछित आरोपितों को भारत वापस लाया जा चुका है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts