योगी के मेरठ दौरे पर NH-58 पर डायवर्जन, भारी वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
21 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का दौरा; ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 21 सितंबर को प्रस्तावित मेरठ दौरे को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और यातायात व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है। वीवीआईपी दौरे के दौरान NH-58 पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
NH-58 से बचने की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से NH-58 का इस्तेमाल न करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। खासकर मोदीपुरम फ्लाईओवर, कंकरखेड़ा फ्लाईओवर, रोहटा रोड फ्लाईओवर और बागपत रोड फ्लाईओवर से आने-जाने वाले वाहन चालकों को NH-58 से बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-गाजियाबाद से आने वालों के लिए भी एडवाइजरी
दिल्ली और गाजियाबाद की ओर से मेरठ आने वाले वाहन चालकों को भी NH-58 के बजाय वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। यातायात पुलिस के मुताबिक वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
लोगों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने और पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, व्यवस्था का उद्देश्य वीवीआईपी दौरे के दौरान यातायात को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखना है।

No comments:
Post a Comment