मक्का के पास हूती ड्रोन ने बढ़ाई हलचल, सऊदी एयर डिफेंस ने मार गिराया

प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में प्रवेश से पहले ड्रोन नष्ट करने का दावा, सऊदी गठबंधन ने कहा- मक्का और जायरीनों की सुरक्षा ‘रेड लाइन’

रियाद। मक्का अल-मुकर्रमा के दक्षिण में यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से लॉन्च किए गए ड्रोन को सऊदी एयर डिफेंस ने हवा में ही नष्ट करने का दावा किया है। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के अनुसार, ड्रोन को मंगलवार शाम प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही रोक लिया गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई।

‘मक्का और जायरीनों की सुरक्षा रेड लाइन’

गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने ड्रोन घटना को ‘दुश्मनी भरा और आतंकवादी कृत्य’ बताया। उन्होंने कहा कि दो पवित्र मस्जिदों और वहां आने वाले जायरीनों की सुरक्षा गठबंधन के लिए ‘रेड लाइन’ है। उन्होंने हूतियों के खिलाफ जरूरी और निवारक कदम उठाने की चेतावनी भी दी।

सऊदी गठबंधन ने इस घटना को मक्का को निशाना बनाने की दूसरी कोशिश बताया। इसके साथ 27 जुलाई 2017 की उस घटना का भी उल्लेख किया गया, जब मक्का की दिशा में बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने का दावा किया गया था।

हूतियों ने भी सऊदी अरब पर लगाए आरोप

दूसरी ओर, हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने सऊदी अरब पर पिछले 24 घंटे में 52 हवाई हमले करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि हमलों में एफ-15 और टाइफून लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया गया और यमन के कई इलाकों में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।

हूती प्रवक्ता ने अल-जौफ, अल-बायदा, सादा और अमरान समेत कई क्षेत्रों में हमले होने का भी दावा किया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने सऊदी हमलों का जवाब देने की चेतावनी दी है।

बाब-अल-मंदेब को लेकर भी बढ़ी चिंता

मक्का के पास ड्रोन गिराए जाने की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब यमन और सऊदी अरब के बीच सैन्य तनाव के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति भी संवेदनशील बनी हुई है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य को लेकर भी चिंता बनी हुई है। इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर हूती हमलों के कारण क्षेत्रीय तनाव का असर समुद्री व्यापार पर भी पड़ने की आशंका जताई जाती रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts