टिन उत्पादन में देश का इकलौता छत्तीसगढ़, लिथियम से भी बदलेगी तस्वीर

65 खनिज ब्लॉकों की नीलामी से 50 साल में करीब चार लाख करोड़ रुपये राजस्व का अनुमान, ईवी और सेमीकंडक्टर उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर। कभी नक्सलवाद के लिए चर्चा में रहा छत्तीसगढ़ अब अपनी खनिज संपदा के दम पर विकास की नई कहानी लिख रहा है। देश में टिन अयस्क का व्यावसायिक उत्पादन करने वाला यह इकलौता राज्य है। अब कोरबा के कटघोरा में देश का पहला कमर्शियल लिथियम ब्लॉक भी शुरू होने जा रहा है। राज्य सरकार के अनुसार, 65 खनिज ब्लॉकों की नीलामी से अगले 50 वर्षों में करीब चार लाख करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में लिथियम, टिन, कोयला, लौह अयस्क, सोना, हीरा, बॉक्साइट समेत 28 से अधिक प्रकार के खनिज पाए जाते हैं। दंतेवाड़ा और सुकमा में टिन का व्यावसायिक उत्पादन हो रहा है। टिन का इस्तेमाल सोल्डरिंग और सेमीकंडक्टर उद्योग में होता है। इससे चीन, मलेशिया और इंडोनेशिया जैसे देशों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ईवी बैटरी से सेमीकंडक्टर तक खनिजों का भंडार

कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, रायगढ़ और कोरिया कोयला उत्पादन के प्रमुख क्षेत्र हैं। कोरबा की दीपका, गेवरा और कुसमुंडा खदानें देश की बड़ी कोयला खदानों में शामिल हैं। दंतेवाड़ा, कांकेर, बालोद और राजनांदगांव लौह अयस्क के लिए प्रसिद्ध हैं। सरगुजा के मैनपाट में बॉक्साइट, जबकि बलरामपुर में ग्रेफाइट और वैनेडियम के भंडार हैं। महासमुंद में निकेल और क्रोमियम के ब्लॉक मिले हैं।

गरियाबंद में हीरे के भंडार हैं, जबकि कोरबा के कटघोरा में मिलने वाला लिथियम ईवी बैटरी और सोलर स्टोरेज उद्योग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य में 200 से अधिक छोटी-बड़ी खदानें और माइनिंग ब्लॉक हैं।

16,625 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड खनिज राजस्व

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक सितंबर को नवा रायपुर में आयोजित स्टेट माइनिंग कॉन्क्लेव में 65 खनिज ब्लॉकों की नीलामी से 50 साल में करीब चार लाख करोड़ रुपये राजस्व मिलने का अनुमान जताया था। खनिज विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य को 16,625 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड खनिज राजस्व मिला, जो पिछले वित्त वर्ष से करीब 14 फीसदी अधिक था। वहीं, जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के तहत खनन से मिलने वाली रॉयल्टी का हिस्सा प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और वनीकरण जैसी सुविधाओं पर खर्च किया जाता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts