हेल्दी बेबी शो में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण का हुआ मूल्यांकन
मेरठ। जिला महिला चिकित्सालय मेरठ में हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद उत्तम सैनी उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों के उचित पोषण, नियमित टीकाकरण, स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मीनाक्षी सिंह ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ एवं समुचित विकास शुरुआती वर्षों में मिलने वाले पोषण, देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर करता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का नियमित टीकाकरण कराने, संतुलित आहार देने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
डॉ. राकेश शर्मा ने कहा कि बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच से उनके विकास की निगरानी करने के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान की जा सकती है। शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक आहार और स्वस्थ दिनचर्या जरूरी है।
पार्षद उत्तम सैनी ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव हैं। इस तरह के आयोजन अभिभावकों में बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का स्वास्थ्य मूल्यांकन किया गया और अभिभावकों को पोषण, टीकाकरण एवं देखभाल से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ. प्रशांत, डॉ. गोपी, डॉ. संजीव, एसीएमओ आरसीएच डॉ. राजेश, जिला मातृ परामर्शदाता इलमा अजीम, चीफ फार्मासिस्ट, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ सहित चिकित्सालय के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment