नकली सिगरेट प्रकरण में चौकी इंचार्ज और बीट कांस्टेबल निलंबित
एसएसपी ने लापरवाही मिलने पर की कार्रवाई, सीओ मवाना को सौंपी विभागीय जांच; फैक्ट्री मालिक रवि किशोर जेल भेजा गया, मास्टरमाइंड की तलाश तेज
मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के खादर इलाके में आईटीसी कंपनी के नाम से नकली सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री पकड़े जाने के मामले में पुलिस महकमे में भी कार्रवाई हुई है। करीब आठ महीने से चल रही अवैध फैक्ट्री की जानकारी और क्षेत्र में निगरानी को लेकर लापरवाही सामने आने पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने जंबूद्वीप चौकी प्रभारी शिवेंद्र कुमार और बीट कांस्टेबल उमेश कुमार को निलंबित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच सीओ मवाना को सौंपी गई है।
उधर, पुलिस ने फैक्ट्री से गिरफ्तार किए गए दिल्ली निवासी रवि किशोर को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस अब फैक्ट्री के पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क और इसके मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है। जांच में अब तक कई लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री संचालन में सामने आए लोग ही पूरा नेटवर्क नहीं हैं और इनके पीछे कुछ अन्य चेहरे भी हो सकते हैं।
पुराने स्कूल भवन में आठ महीने से चल रहा था सेटअप
हस्तिनापुर के खादर क्षेत्र में दूधली गांव स्थित एक स्कूल के पुराने भवन में नकली सिगरेट बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। पुलिस ने छापा मारकर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। मौके से आईटीसी ब्रांड की करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की नकली सिगरेट और करीब डेढ़ करोड़ रुपये का अन्य माल बरामद किया गया। इसके अलावा 50 लाख रुपये से अधिक कीमत की मशीनरी भी पुलिस के हाथ लगी थी।
जांच के दौरान सामने आया कि सुनसान इलाके में स्थित पुराने स्कूल भवन को नकली सिगरेट के उत्पादन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। लंबे समय से यहां गतिविधियां चलने के बावजूद स्थानीय स्तर पर पुलिस की निगरानी में चूक सामने आने पर एसएसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की।
पांच लोगों के नाम सामने आए, फैक्ट्री का मालिक कोई और
एसपी देहात अभिजीत कुमार के मुताबिक, अभी तक की जांच में फैक्ट्री के संचालन से जुड़े पांच लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें जेल भेजा गया रवि किशोर भी शामिल है। पूछताछ में उसने दिल्ली निवासी रवि कुमार का नाम बताया है। इसके अलावा तरुण और दीपक के नाम भी जांच में सामने आए हैं। दीपक के पते का सत्यापन पुलिस कर चुकी है, जबकि तरुण के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि फैक्ट्री का वास्तविक मालिक कोई और है। ऐसे में पुलिस अब उन लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जो पर्दे के पीछे से पूरे कारोबार को संचालित कर रहे थे। सामने आए संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
कंबोडिया से लाई गई थी सिगरेट बनाने की मशीन
पुलिस की जांच में नकली सिगरेट के इस नेटवर्क के तार विदेश तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक करीब एक वर्ष पहले नकली सिगरेट बनाने के लिए मशीन कंबोडिया से भारत लाई गई थी। इसमें कंबोडिया निवासी हर्षद मेहता की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
जांच के अनुसार, करीब आठ महीने पहले दिल्ली से रवि किशोर और दिल्ली निवासी रवि कुमार मशीन को हस्तिनापुर लेकर आए थे। इसके बाद खादर क्षेत्र के सुनसान हिस्से में स्थित स्कूल के पुराने भवन में मशीनरी लगाकर उत्पादन शुरू किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मशीन भारत लाने, फैक्ट्री स्थापित करने और तैयार नकली सिगरेट को बाजार तक पहुंचाने में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस का कहना है कि बरामदगी और पूछताछ के आधार पर नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। फैक्ट्री से जुड़े लोगों के अलावा उनके पीछे मौजूद मास्टरमाइंड की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की टीमें संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसपी देहात के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और सामने आए नामों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क की भूमिका सामने आने के बाद अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चौकी प्रभारी और बीट कांस्टेबल के निलंबन के बाद विभागीय जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्षेत्र में इतनी लंबे समय तक चल रही अवैध गतिविधि की पुलिस को भनक क्यों नहीं लगी।


No comments:
Post a Comment