अवैध संबंध के शक में पत्नी की गला घोंटकर हत्या, पति गिरफ्तार
विवाद के बाद वारदात को दिया अंजाम, फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य; पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही
मेरठ, लोकसत्य। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के फतेहउल्लापुर में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, चांद मोहम्मद मूलरूप से चमड़ा पैठ, गली नंबर-23, जाकिर कॉलोनी का रहने वाला है। वर्तमान में वह फतेहउल्लापुर में परिवार के साथ रह रहा था। वर्ष 2020 में उसकी शादी टाइल फैक्ट्री के पास फतेहउल्लापुर निवासी नवाबुद्दीन की बेटी शाइस्ता से हुई थी।
बताया गया कि सोमवार को किसी बात को लेकर चांद मोहम्मद और शाइस्ता के बीच विवाद हो गया। पति को शक था कि शाइस्ता के किसी दूसरे युवक से संबंध हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चांद मोहम्मद ने शाइस्ता का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर लोहिया नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य सुरक्षित कराए गए।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला के परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment