‘लव लॉटरी’ का ट्रेलर रिलीज, रिश्तों के धोखे बीच सस्पेंस की झलक
मुंबई। आगामी हिंदी फिल्म ‘लव लॉटरी’ का ट्रेलर दिल्ली में आयोजित एक खास प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म के मुख्य कलाकार अक्षय ओबेरॉय, विजयंत कोहली और अग्नि अग्यारी के साथ निर्देशक अरविंद पांडे और निर्माता कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ मौजूद रहे। ट्रेलर लॉन्च के दौरान ऐसे कुछ परिवारों को भी आमंत्रित किया गया, जिन्होंने अपने अनुभवों के आधार पर महिला-केंद्रित कानूनों के कथित दुरुपयोग से प्रभावित होने की बात कही।
सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘लव लॉटरी’ प्यार, शादी, रिश्तों में बढ़ती दूरी, विश्वासघात और पुरुष अधिकारों जैसे मुद्दों को सस्पेंस और सामाजिक कहानी के अंदाज में पेश करती है। करीब 2 मिनट 10 सेकंड का ट्रेलर शुरुआत से ही कई सवाल खड़े करता है। इसमें आधुनिक रिश्तों की चमक के पीछे छिपे बनावटीपन और खोखलेपन को दिखाया गया है। प्यार में धोखा, शादी, तलाक और पैसों के लिए रिश्ते बनाने जैसे पहलू कहानी को और रहस्यमय बनाते हैं।


No comments:
Post a Comment