हिंदी के रंग में रंगा मेरठ कॉलेज, भाषा-साहित्य के प्रति जागरूकता का संदेश

हिंदी दिवस पर निबंध और काव्य प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रतिभा से बढ़ाया मान

मेरठ। मेरठ कॉलेज के रामकुमार गुप्ता सभागार में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अध्यक्षता डॉ. आर.के. भटनागर (पूर्व आईएएस) ने की, जबकि कॉलेज के प्राचार्य कार्यक्रम के संरक्षक रहे। वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता त्यागी मुख्य अतिथि तथा कवि सुमनेश ‘सुमन’ और कवयित्री श्रीमती कोमल रस्तोगी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

‘हिंदी से जुड़ाव हमारी सांस्कृतिक पहचान की ताकत’

हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. कविता त्यागी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने हिंदी दिवस के इतिहास और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वैश्वीकरण के दौर में अपनी भाषा से जुड़ाव सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुख्य वक्ता डॉ. मुकेश सेमवाल ने मातृभाषा के संवर्धन और दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कंप्यूटर और तकनीक के क्षेत्र में हिंदी की वर्तमान स्थिति एवं संभावनाओं के साथ आधुनिक पीढ़ी की ‘हिंदी 2.0’ पर भी विचार रखे।

निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसका संयोजन डॉ. दिनेश कुमार ने किया। विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा और साहित्य से जुड़े विषयों पर अपने विचार और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंत में डॉ. रमेश यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

शिक्षा विभाग में निबंध और काव्य प्रतियोगिता

मेरठ कॉलेज के शिक्षा विभाग में भी हिंदी दिवस के अवसर पर निबंध एवं स्वरचित काव्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. मीनाक्षी शर्मा ने की।

निबंध प्रतियोगिता में शीतल देवी प्रथम, शंकर द्वितीय और स्नेहा तृतीय रहीं। वहीं स्वरचित काव्य प्रतियोगिता में शिफा ने प्रथम, संध्या शर्मा एवं तुलसी ने द्वितीय तथा साक्षी अहलावत, आयुषी गुप्ता एवं सविता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts