4000 युवाओं ने किया नितिन नबीन का भव्य स्वागत
MLC धर्मेंद्र भारद्वाज के नेतृत्व में भगवा टी-शर्ट पहनकर पहुंचे Gen-Z युवा; 18 फीट की फूलमाला, क्रिकेट बैट और त्रिशूल भेंट
मेरठ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मेरठ आगमन पर विधान परिषद सदस्य (MLC) धर्मेंद्र भारद्वाज के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में करीब 4,000 युवा भगवा टी-शर्ट पहनकर पहुंचे। टी-शर्ट पर नितिन नबीन की तस्वीर और 'नितिन नबीन जिंदाबाद' अंकित था।
ढोल-नगाड़ों के बीच युवाओं ने नितिन नबीन का स्वागत किया और उनकी आरती उतारी। धर्मेंद्र भारद्वाज ने मेरठ की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री से तैयार कराया गया नितिन नबीन का चित्रयुक्त स्मृति-उपहार, क्रिकेट बैट और त्रिशूल भेंट किया। इसके साथ ही 18 फीट लंबी पुष्पमाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया।
बोले- इसी बल्ले से 2027 की पारी शुरू करेंगे
क्रिकेट बैट स्वीकार करते हुए नितिन नबीन ने कहा, “इसी बल्ले से उत्तर प्रदेश में 2027 की पारी शुरू करेंगे और चौके-छक्के लगाएंगे।” उनके इस कथन पर मौजूद युवाओं और कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर उत्साह जताया।
स्वागत स्थल पर 20-20 फीट के कटआउट और बैनर लगाए गए थे। नितिन नबीन के चित्र और मेरठ आगमन की शुभकामनाओं से सजा हॉट एयर बैलून भी आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम के दौरान नितिन नबीन और पंकज चौधरी पर बुलडोजरों से पुष्पवर्षा की गई।
नितिन नबीन ने स्वागत के लिए युवाओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार जताया। धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि यह स्वागत मेरठ के युवाओं के उत्साह, सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक है।

No comments:
Post a Comment