25 बुलडोजर, पांच क्विंटल फूलों से नितिन नवीन का मेरठ में स्वागत
भाजपा अध्यक्ष के पहले दौरे पर कार्यकर्ताओं ने लगाए जय श्रीराम के नारे; योगी आदित्यनाथ के साथ युवा सम्मेलन में होंगे शामिल
मेरठ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को अपने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे के तहत पहली बार मेरठ पहुंचे। काशी टोल प्लाजा पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। करीब 25 बुलडोजरों से पुष्पवर्षा की गई और लगभग पांच क्विंटल फूल बरसाए गए। क्रेन के जरिए उन्हें फूलों की बड़ी माला भी पहनाई गई।
सुबह करीब 10:45 बजे काशी टोल प्लाजा पर करीब एक हजार भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ नितिन नवीन का स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। नितिन नवीन ने हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।
सुभारती में युवा सम्मेलन
नितिन नवीन सुबह करीब 11:30 बजे स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां आयोजित युवा सम्मेलन में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शामिल होंगे। कार्यक्रम स्थल के आसपास एनएच-58 को भगवा गुब्बारों और झंडों से सजाया गया है।
इसके बाद दोपहर 1:45 बजे नितिन नवीन शक्ति केंद्र सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शक्ति केंद्र संयोजक और मंडल अध्यक्ष शामिल होंगे। सम्मेलन में करीब पांच हजार पदाधिकारियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
सपा नेता हाउस अरेस्ट
नितिन नवीन के मेरठ दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। पुलिस ने सपा नेता गौरव गुर्जर को हाउस अरेस्ट किया है। पुलिस की ओर से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

No comments:
Post a Comment