2027 में हैट्रिक सरकार के लिए जुट जाएं कार्यकर्ता : पंकज चौधरी
शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को बताया संगठन की रीढ़, जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम क्षेत्र शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन का आयोजन सोमवार को मेरठ में किया गया। सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल, पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, राष्ट्रीय मंत्री एवं सह प्रभारी जगदीश पटेल, राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद भोला सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का मेरठ की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि शक्ति केंद्र संयोजकों की भूमिका संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्र के अंतर्गत आने वाले बूथों की स्थिति और मतदाताओं की जानकारी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह होनी चाहिए। यदि शक्ति केंद्र प्रमुख अपने क्षेत्र का सही अध्ययन कर ले तो चुनाव से पहले ही क्षेत्र के परिणाम का आकलन किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। कार्यकर्ता विपरीत परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूत करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य किसी व्यक्ति विशेष के बजाय संगठन को मजबूत करना और कमल खिलाने के लिए सामूहिक प्रयास करना है।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार ने पिछले वर्षों में कई विकास कार्य और जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले की स्थिति और उसके बाद हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने क्षेत्र की पहचान बदलने का काम किया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। चौधरी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटकर 2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करेंगे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में शक्ति केंद्र संयोजक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment