भाजपा ने चुनावी तैयारी तेज की, बूथों पर 200 दीप जलाने का लक्ष्य

पश्चिम क्षेत्र के 14 जिलों के अध्यक्षों को निर्देश, 4800 शक्ति केंद्रों पर सक्रियता बढ़ाने की तैयारी

मेरठ। भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी तेज कर दी है। बुधवार को हरमन सिटी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में हुई पश्चिम क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में 14 जिलों के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष जुटे। प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम क्षेत्र प्रभारी राम प्रताप सिंह और क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने आगामी कार्यक्रमों और संगठन की गतिविधियों को लेकर पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान पर विशेष जोर रहा। अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। राम प्रताप सिंह ने निर्देश दिए कि 17 सितंबर को शाम सात बजे हर बूथ पर कम से कम 200 दीप जलाए जाएं। कार्यकर्ताओं से अपने घरों पर भी दीप जलाने को कहा गया है। सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को भी कार्यक्रम से जोड़ने की तैयारी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का 20-21 सितंबर को पश्चिम दौरा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 सितंबर को सहारनपुर और 21 सितंबर को मेरठ में बैठक करेंगे। इसे लेकर भी संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। क्षेत्रीय कार्यकारिणी के गठन के बाद अब प्रकोष्ठों के क्षेत्रीय अध्यक्षों और जिलों के मोर्चों के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।



4800 शक्ति केंद्रों पर फोकस

पश्चिमी यूपी में करीब 4800 शक्ति केंद्र हैं। छह से आठ बूथों को मिलाकर बनाए गए इन शक्ति केंद्रों के संयोजकों को संगठन और बूथ कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। आगामी कार्यक्रमों के जरिए पार्टी बूथ स्तर पर संपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को और सक्रिय करने की तैयारी में है।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने की। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री रूपेंद्र सैनी ने किया। क्षेत्रीय महामंत्री अशोक मोंगा, हरिश ठाकुर, संजीव सिक्का, मानसिंह गोस्वामी, अंकुर राणा, वरुण गोयल, हरजिंदर कौर, अजय भराला समेत विभिन्न जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts