11 साल के युकी ने बड़ों को पछाड़ जीता एशियन गेम्स गोल्ड
‘पुयो पुयो चैंपियंस’ में 10-2 से धमाकेदार जीत, जापान के सबसे कम उम्र के एशियन गेम्स चैंपियन बने युकी कुरीहारा
नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में जापान के 11 साल के स्कूली छात्र युकी कुरीहारा ने ऐसा कारनामा किया, जिसने ई-स्पोर्ट्स की दुनिया में सबका ध्यान खींच लिया। कुरीहारा ने ‘पुयो पुयो चैंपियंस’ इवेंट में अपने से दोगुनी-तीन गुनी उम्र के खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ वह एशियन गेम्स में जापान के सबसे कम उम्र के मेडल विजेता और चैंपियन बन गए।
सेमीफाइनल में 10-1, फाइनल में 10-2
पुयो पुयो एक लोकप्रिय पजल गेम है, जिसमें स्क्रीन पर एक ही रंग के ब्लॉब्स को जोड़कर उन्हें हटाना होता है। सेमीफाइनल में कुरीहारा का सामना थाईलैंड के 28 वर्षीय खिलाड़ी तनारक वोंगकितकुन से हुआ। 11 साल के युकी ने मुकाबला 10-1 से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
खिताबी मुकाबले में उनके सामने दक्षिण कोरिया के 24 वर्षीय कांग डोंगशिन थे। कुरीहारा शुरुआत में 0-1 से पिछड़ गए, लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार राउंड जीतते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया। अंत में उन्होंने 10-2 से जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया।
गोल्ड मिला, लेकिन नहीं मनाया जश्न
इतनी बड़ी उपलब्धि के बावजूद युकी के चेहरे पर जीत की खास खुशी नजर नहीं आई। उन्होंने बताया कि अपने से बड़े खिलाड़ियों को हराने के बाद उन्हें थोड़ी शर्मिंदगी महसूस हो रही थी, इसलिए वह खुलकर जश्न नहीं मना सके।
पोडियम पर गोल्ड मेडल लेने के बाद उन्होंने प्रशंसकों की ओर हाथ हिलाया। मेडल को लेकर युकी ने कहा कि यह खूबसूरत, चमकदार और भारी है। इसके साथ मिला खिलौना भी उन्हें पसंद आया।
कुरीहारा ने प्राथमिक विद्यालय की पहली कक्षा से ही पुयो पुयो खेलना शुरू कर दिया था। इसी साल अप्रैल में उन्होंने आधिकारिक पेशेवर गेमिंग लाइसेंस हासिल किया।

No comments:
Post a Comment