E20 पेट्रोल के खिलाफ नागपुर में यूथ कांग्रेस का हंगामा
गडकरी के आवास की ओर मार्च रोककर कार्यकर्ता हिरासत में
नागपुर। एथेनॉल-मिश्रित E20 पेट्रोल के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने सोमवार को नागपुर में ‘जन आक्रोश मोर्चा’ निकाला। प्रदर्शनकारी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निजी आवास का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
मोर्चा महल इलाके के चिटनवीस पार्क चौक से गडकरी के आवास की ओर निकाला गया था। प्रदर्शनकारियों ने E20 पेट्रोल की उपयोगिता और वाहनों पर इसके कथित असर को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए—“सवाल हमारे, जवाब तुम्हारे; नहीं चलेगी कोरी बयानबाजी, दो हिसाब” और “धर्मेंद्र तो बस झांकी है, गडकरी की पिक्चर अभी बाकी है।”
गडकरी के आवास के आसपास पहले से भारी पुलिस बल तैनात था। रास्ते में बैरिकेड्स लगाए गए थे। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
E20 को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला
कांग्रेस लगातार E20 ईंधन के मुद्दे पर केंद्र सरकार और गडकरी को घेर रही है। पार्टी का कहना है कि 29 जुलाई को संसद में E20 पेट्रोल को लेकर गडकरी के जवाब से उपभोक्ताओं की चिंताएं दूर होने के बजाय नए सवाल खड़े हुए हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि देशभर में उपभोक्ताओं और मैकेनिकों की ओर से माइलेज घटने, इंजन परफॉर्मेंस में परेशानी और लंबे समय में वाहनों पर E20 के असर को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने पुराने वाहनों में इंजेक्टर जाम होने, ईंधन पाइपलाइन में जंग और रबर के हिस्सों में दरार जैसी समस्याओं का भी उल्लेख किया।


No comments:
Post a Comment