शादी से इनकार करने पर पंजाबी सिंगर की हत्या

 6 दिन पहले गनपॉइंट पर किया था किडनैप, नहर में मिला शव

 लुधियाना । पंजाब के लुधियाना से एक दिल दहला देने वाली वारदात ने म्यूजिक इंडस्ट्री समेत पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. छह दिन पहले गन प्वाइंट पर अगवा की गई मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की हत्या कर दी गई।  सिंगर की लाश नीलो नहर से बरामद हुई है। शव की पहचान होने के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। 

सिंगर इंदर कौर के भाई जोतइंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे इंदर कौर अपनी फोर्ड फीगो कार में बाजार से राशन लेने निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिवार ने तलाश शुरू की तो शक मोगा के गांव भलूर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पर गया, जो इंदर कौर से जबरन शादी करना चाहता था। परिवार के अनुसार इंदर कौर ने शादी से इनकार कर दिया था, जिसके बाद आरोपी ने रंजिश पाल ली। 

कनाडा से आकर हत्या करने का आरोप

आरोप है कि सुखविंदर सिंह खास तौर पर कनाडा से पंजाब आया था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इंदर कौर को रास्ते में घेर लिया और पिस्तौल की नोक पर अगवा कर लिया। बाद में उसकी हत्या कर शव को नीलो नहर में फेंक दिया गया। वारदात के बाद मुख्य आरोपी फिर से कनाडा फरार हो गया।

पुलिस के काम पर परिवार ने उठाए सवाल

परिवार ने पुलिस के काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं। परिवार का कहना है कि 15 मई को ही आरोपी सुखविंदर सिंह और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिशें की जा रही हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts