भरभराकर दुकानों पर गिरी दिवार ,बाल -बाल बचे दुकानदार
मेरठ । शनिवार को आवास विकास कार्यालय के पास शास्त्रीनगर सेक्टर-9 में उस समय अफरातफरी मच गई, जब मकान नंबर 292 की पहली मंजिल की बाहरी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। जिस स्थान पर दीवार गिरी, उसके नीचे दुकानें संचालित हैं। घटना के समय दुकानें खुली थीं और दुकानदार अपने काम में व्यस्त थे। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और कुछ ही क्षणों में दीवार नीचे आ गिरी। दीवार गिरते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ जुट गई।जिस समय हादसा हुआ, उस दौरान नीचे स्थित दुकानों में काम चल रहा था। एक हलवाई की दुकान पर भट्ठी जल रही थी और कढ़ाही चढ़ी हुई थी। दीवार का मलबा दुकान के बाहर और अंदर तक फैल गया। हलवाई के बर्तनों में भी मलबा गिरने से नुकसान हुआ।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय कोई व्यक्ति दीवार के ठीक नीचे खड़ा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सेटबैक कार्रवाई को लेकर विवाद
दुकानदारों का आरोप है कि दीवार गिरने के पीछे सेटबैक की कार्रवाई का मामला जुड़ा हुआ है। उनका कहना है कि मकान मालिक ने सेटबैक के नियमों के तहत अपनी दीवार और लिंटर का कुछ हिस्सा पहले ही तोड़ दिया था। इसके बाद आगे की दीवार खाली खड़ी थी, जो शनिवार को गिर गई।
दूसरी ओर, मकान मालिक का कहना है कि दीवार तेज हवा के कारण गिरी है और इसमें किसी प्रकार की जानबूझकर की गई कार्रवाई नहीं है।
दुकानदारों ने लगाए गंभीर आरोप
दुकानदारों का दावा है कि उन्होंने संबंधित दुकानें मकान मालिक से खरीदी थीं। उनका आरोप है कि सेटबैक की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दुकानों को हटाने के उद्देश्य से दीवार को जानबूझकर गिराया गया है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग मामले की जांच कराए जाने और दीवार गिरने के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment