मेरठ  कैंट बोर्ड सदस्य 3 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

सीबीआई की छापेमारी में 60 लाख कैश मिला, टेंडर रद्द न करने के बदले पैसे मांगे थे

 मेरठ। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कैंट बोर्ड के मनोनीत सदस्य डॉ. सतीश चंद्र शर्मा को एक ठेकेदार से 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। कार्रवाई उनके अंसल टाउन स्थित आवास पर की गई। छापेमारी के दौरान सीबीआई को घर से 60 लाख रुपये से अधिक नकदी भी मिली है।यह कार्रवाई कैंट बोर्ड की प्रस्तावित बैठक से ठीक पहले की गई, जिसमें संबंधित ठेके पर फैसला होना था। जानकारी के अनुसार, बालाजी कॉन्ट्रैक्टर कंपनी के मालिक विक्की ठेकेदार ने सीबीआई से शिकायत की थी कि डॉ. शर्मा उनसे 10 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि तहबाजारी, पार्किंग और गांधी बाग से जुड़े ठेके को निरस्त न करने के बदले यह रकम मांगी जा रही थी। ठेकेदार के मुताबिक, शनिवार को होने वाली कैंट बोर्ड की बैठक में ठेका निरस्त किए जाने का प्रस्ताव था।ठेकेदार ने सीबीआई को बताया कि डॉ. शर्मा ने शुक्रवार दोपहर उन्हें 3 लाख रुपये लेकर अपने आवास पर बुलाया था। शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई टीम ने जाल बिछाया और शाम को उनके घर पर छापा मार दिया। सीबीआई ने डॉ. शर्मा को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पूरे परिसर की तलाशी भी ली गई।

घर से 50 लाख रुपए से ज्यादा नकदी बरामद

छापेमारी के दौरान सीबीआई को आवास से 50 लाख रुपये से अधिक नकद राशि मिली। एजेंसी इस रकम के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान डॉ. शर्मा की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें चिकित्सकीय सहायता दी गई। देर रात तक परिवार के सदस्यों से पूछताछ जारी रही।

दूसरी बार बढ़ा था कार्यकाल

डॉ. सतीश चंद्र शर्मा कैंट बोर्ड में मनोनीत सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में उनका कार्यकाल दूसरी बार बढ़ाया गया था। वह अंसल टाउन में परिवार के साथ रहते हैं, जबकि उनका क्लीनिक लालकुर्ती बड़ा बाजार क्षेत्र में है।

पहले भी लग चुके हैं आरोप

डॉ. शर्मा पर छावनी क्षेत्र में अवैध निर्माण समेत विभिन्न अनियमितताओं के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। जांच एजेंसियां अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं। उनके परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts