रमजान शुरू होते ही मस्जिदों में बढ़ी रौनक

ड्राई फ्रूट-सेवईं की खरीदारी तेज, मस्जिदों के आसपास अतिरिक्त पुलिस तैनात

मेरठ।रमजान की शुरुआत के साथ ही बाजारों में भी रौनक लौट आई है। खजूर, फल, सेवईं, ड्राई फ्रूट और रोजमर्रा के सामान की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों का कहना है कि रमजान के चलते कारोबार में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और बुधवार से मस्जिदों में रौनक बढ़ गई है। शहर की सभी बड़ी मस्जिदों सहित अन्य प्रमुख स्थानों में विशेष नमाज का इंतजाम किया गया है, जहां रोजेदार बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।

प्रशासन ने भी रमजान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है।मस्जिदों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। इसके साथ ही बिजली और पानी की सप्लाई नियमित रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। मस्जिदों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है।

कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने रोज़ेदारों के लिए विशेष इफ्तार कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

रमजान को लेकर खासकर युवा वर्ग में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर में आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना हुआ है। प्रशासन और नागरिकों ने मिलकर रमजान को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts