मेरठ बार एसो. के उम्मीदवारों भविष्य मतपेटियों में बंद
4268 में 3246 मतदाताओं ने डाले वोट,21 पदों पर 40 उम्मीदवार मैदान में
मेरठ। मेरठ बार एसोसिएशन की 2026-27 कार्यकारिणी के लिए चुनाव संपन्न हो गए हैं। कुल 4268 मतदाताओं में से 3246 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे उम्मीदवारों का भविष्य मतपेटियों में बंद हो गया है। आज वोटों की गिनती में उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा ।
पंडित नानकचंद सभागार में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ।चुनावी मंडल की देखरेख में सभी मतदाताओं ने शांतिपूर्वक अपने मत डाले। चुनाव अधिकारी रउफउल हसन अंसारी, जगदीश गिरी, नेपाल सिंह सोम, अशोक पंडित, वीरेंद्र सिंह सिरोही, मनोज गुप्ता, सतेंद्र सिंह, मनुज बुटार और सहदेव सिंह सोम ने मतदान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
मतदान के दौरान, मतदाता गैलरी के दोनों ओर खड़े होकर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने अपने पक्ष में वोट मांगे। मेरठ बार एसोसिएशन की प्रबंध समिति के कुल 21 पदों के लिए 40 उम्मीदवार मैदान में थे। मतदान के लिए 60 बूथ बनाए गए थे। मतदान समाप्त होने के बाद, सभी मतपेटियों को उम्मीदवारों की उपस्थिति में सील कर दिया गया।
चुनावी मंडल ने बताया कि मतगणना बुधवार सुबह 9 बजे से शुरू होगी और परिणाम आने तक जारी रहेगी। मतगणना का कार्य वीडियोग्राफी के तहत होगा, जिसका सीधा प्रसारण मतगणना स्थल के बाहर एक प्रोजेक्टर स्क्रीन पर भी दिखाया जाएगा।
मतगणना चुनावी मंडल द्वारा कराई जाएगी और इस दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा। चुनावी मंडल ने यह भी घोषणा की है कि यदि मतगणना के दौरान कोई भी समर्थक उपद्रव करता है, तो उसके और उसके उम्मीदवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी उम्मीदवारों ने अपनी जीत के दावे किए हैं।
चुनाव में दो प्रमुख पैनल मैदान में
पैनल में अनुज शर्मा और परवेज आलम शामिल थे, जिसमें अनुज कुमार शर्मा अध्यक्ष पद के लिए, नरेश कुमार वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए और परवेज आलम महामंत्री पद के लिए उम्मीदवार थे।
दूसरे पैनल में विजय त्यागी और सचिन नरेश थे। इस पैनल से विजय त्यागी अध्यक्ष पद के लिए, पंकज जैन वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए और सचिन कुमार नरेश महामंत्री पद के लिए उम्मीदवार थे।



No comments:
Post a Comment