तो सेंट्रल मार्केट में अब 'इमोशनल अत्याचार' की बारी! 

 शास्त्री नगर सेक्टर दो में भाजपा की जगह लगे सपा के झंडे  भाजपा मंडल अध्यक्ष और व्यापारियों के बीच झड़प 

मेरठ।  भाजपा के गढ़ (सेंट्रल मार्केट) में सपा के झंडे देख सपाइयों को तो ज़रूर 'फील गुड' हुआ होगा, लेकिन मार्केट में इस बात की खूब चर्चा रही कि यहां के व्यापारी अब भाजपा के प्रति 'इमोशनली अत्याचार' की नीति अपनाएंगे। बुधवार को उस समय शास्त्री नगर सेक्टर 2 और सेंट्रल मार्केट में अफरा तफरी मच गई जब कई दुकानदारों ने अपने-अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में समाजवादी पार्टी के झंडे लगा दिए। सूचना मिलते ही भाजपा के कुछ नेता यहां पहुंचे और सपा के झंडा उतरवाने लगे। इसी बीच भाजपा के शास्त्री नगर मंडल के अध्यक्ष की सपा का झंडा लगाने वाले कुछ व्यापारियों से झड़प भी हो गई। इसी दौरान पुलिस भी वहां पहुंची और मामले को शांत करवाया।

 हालांकि हंगामे के बाद ज़्यादातर व्यापारियों ने सपा के झंडे उतार दिए। सेंट्रल मार्केट के कुछ व्यापारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अब चूंकि भाजपा और भाजपा के नेताओं से उन्हें कोई उम्मीद नहीं है लिहाजा व्यापारी अब भाजपा की ओर से अपना मन डायवर्ट कर रहे हैं। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने तो भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ के एक बड़े नेता को लेकर तो खूब खरी खोटी सुनाई। इन व्यापारियों का कहना था कि उक्त नेता तो सिर्फ हवाई दावे करते हैं। उधर सेंट्रल मार्केट प्रकरण में व्यापारियों द्वारा अपने प्रतिष्ठानों पर समाजवादी पार्टी के झंडे लगाने का मामला कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर भी ट्रेंड करने लगा।

 इसी बीच सपा नेता शैंकी वर्मा ने लगे हाथों कुछ व्यापारियों की बात शिवपाल यादव से करा दी। पता यहां तक चला है कि यह मामला सपा मुखिया अखिलेश यादव तक भी पहुंच गया और बाद में उन्होंने इस मामले में खुद भी संज्ञान लिया। बुधवार को सपा के झंडे लगाने की घटना ने भाजपा को जरूर बेचैन कर दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts