मेरठ में एक ही ट्रैक पर दौड़ेंगी नमो भारत और मेट्रो
योगी सरकार का इन्फ्रास्ट्रक्चर विजन हुआ साकार
मेरठ। देश के पश्चिमी द्वार मेरठ में विकास की एक नई इबारत लिखी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाई-स्पीड ‘नमो भारत’ रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर 82 किलोमीटर लंबे संपूर्ण दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया। यह केवल एक ट्रेन की शुरुआत नहीं है, बल्कि केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के उस साझा संकल्प का परिणाम है, जो यूपी को आधुनिक और सुरक्षित इन्फ्रास्ट्रक्चर से जोड़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब एक्सप्रेसवे और मेट्रो परियोजनाओं के माध्यम से विकास की नई रफ्तार पकड़ चुका है।
दिल्ली और मेरठ के बीच की भौगोलिक दूरी अब सिमट गई है। कभी जाम और भारी भीड़ के कारण जिस सफर में 3 से साढ़े तीन घंटे लगते थे, वह अब 'नमो भारत' की 180 किमी प्रति घंटा की रफ्तार के कारण महज 50 मिनट में पूरा होगा। रैपिड रेल की इस आधुनिक प्रणाली ने समय को लगभग एक-तिहाई कर दिया है। दिल्ली-मेरठ अब केवल दो शहर नहीं, बल्कि एक उभरते हुए विकास कॉरिडोर में बदल चुके हैं, जहाँ शिक्षा, रोजगार और निवेश के नए अवसरों को पंख मिलेंगे।
एक ट्रैक पर दो सेवाओं का सफल प्रयोग
इस परियोजना ने पूरे भारत के सामने शहरी परिवहन का एक अनोखा 'मेरठ मॉडल' पेश किया है। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (NCRTC) द्वारा विकसित इस कॉरिडोर की खासियत यह है कि हाई-स्पीड ‘नमो भारत’ और मेरठ मेट्रो, दोनों एक ही इन्फ्रास्ट्रक्चर ढांचे पर संचालित हो रही हैं। यह एकीकृत मॉडल संसाधनों की बचत और निर्माण की गति को बढ़ाने का एक अनूठा उदाहरण है। मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक चलने वाली मेरठ मेट्रो अब स्थानीय निवासियों को जाम मुक्त और सुगम यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी।
महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम
नमो भारत रेल केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का भी संदेश दे रही है। इस रैपिड रेल प्रोजेक्ट में लोको पायलट से लेकर स्टेशन मैनेजमेंट तक लगभग 80% स्टाफ महिलाओं का है, जो नारी सशक्तिकरण का एक ऐतिहासिक उदाहरण है। इसके साथ ही, इस कॉरिडोर के शुरू होने से सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या कम होगी, जिससे सालाना करीब ढाई लाख टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान है। यह हरित ऊर्जा और प्रदूषण मुक्त भविष्य की दिशा में योगी सरकार का एक ठोस कदम है।
युवाओं को मिलेंगे पंख और उद्योगों को मिलेगी नई ऊर्जा
बेहतर कनेक्टिविटी के कारण मेरठ अब दिल्ली-एनसीआर में रहने और व्यापार करने के लिए एक व्यावहारिक विकल्प के रूप में उभरेगा। स्थानीय छात्रों को मेडिकल और तकनीकी संस्थानों तक पहुँचने के लिए अब तेज और सुरक्षित विकल्प मिलेगा। साथ ही, मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत जैसे पड़ोसी जिलों को भी इस क्षेत्रीय कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा, जिससे पर्यटन और कृषि व्यापार को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। यह परियोजना 'विकसित भारत 2047' की नींव को मजबूत करने का कार्य करेगी।


No comments:
Post a Comment