दिल्ली रोड पर 3 घंटे तक लोगों को झेलनी पड़ी दुश्वारियां
10 से 12 किलोमीटर तक पैदल चले
मेरठ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेरठ कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली रोड पर विशेषण इंतजाम किए गए थे। उनके आगमन से 1 घंटे पहले दिल्ली रोड का ट्रैफिक रोक दिया गया। इसका असर यह हुआ की लगभग तीन से चार घंटे लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी। लोग पूरे पूरे परिवारों के साथ पैदल ही गंतव्य की ओर बढ़ते दिखाई दिए।
शताब्दी नगर मेट्रो स्टेशन से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेट्रो में सवार हुए थे। इसलिए सबसे ज्यादा सख़्ती इसी रूट पर की गई थी। रिठानी से लेकर मोहिउद्दीनपुर तक केवल सरकारी वाहन ही दौड़ते दिखाई दिए। इसके लिए ट्रेफिक पुलिस द्वारा रूट डाइवर्जन कर दिया गया।
सभी फैक्ट्री, शोरूम किए गए बंद
दिल्ली रोड के ट्रेफिक को बंद रखने के लिए प्रशासन ने यहां के सभी प्रतिष्ठान बंद रखे। गाड़ियों के शोरूम से लेकर सभी फैक्ट्री, होटल के अलावा छोटी छोटी दुकानों को भी बंद करा दिया गया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी काफी देर लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
कई किलोमीटर का सफर किया पैदल
रैली के चलते दिल्ली रोड पर वाहनों को रोका गया। बाहर से आ रहे वाहनों को परतापुर बाईपास पर ही रोक दिया गया। जिन लोगों को मोहकमपुर और मोदीनगर जाना था, वह पैदल ही सफर करते दिखाई दिए। कुछ लोग 8 से 10 किलोमीटर पैदल चलने का दावा कर रहे थे तो कुछ ने बताया कि वह 15 किलोमीटर तक पैदल चले हैं।
गलियों के बाहर की गई बेरीगेटिंग
इस तरह के आयोजनों में अकसर लोग सड़कों पर निकल आते हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए गलियों को बेरीगेटिंग कर बंद कर दिया गया। यहां देर रात ही गलियों के बाहर बलियां लगाकर लोगों को घरों में कैद कर दिया गया। सुबह लोग सोकर उठे और बाहर निकले तो बंद गली देख हैरान हो गए।
सभी स्टेशन के बाहर तैनात रहा फ़ोर्स
सभी स्टेशन के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यह सख़्ती सुबह से ही रही। दरअसल, मेट्रो आम जन के लिए बंद थी। सभी को लगा कि उद्घाटन के साथ ही सफर शुरु हो जायेगा लेकिन ऐसा नहीं था। नतीजा यह हुआ कि लोग घरों से निकल आए और मेट्रो स्टेशन में उन्हें प्रवेश नहीं मिला। वह लोग स्टेशन के बाहर ही खड़े हो गए।
मुख्यमंत्री को सुनते ही निकलने लगे लोग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना संबोधन शुरु किया, इसी बीच लोग रैली से निकलने शुरू हो गए। देखते देखते दिल्ली रोड पर लौटने वालों की भीड़ दिखाई देने लगी। कोई भारतीय जनता पार्टी का झंडा लिए हुए था तो किसी ने हाथों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कट आउट उठाया हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से पहले ही दिल्ली रोड पर पैदल पैदल लोग लौटते दिख रहे थे।


No comments:
Post a Comment