नेपाल में पाेखरा से काठमांडू जा रही बस त्रिशूली नदी में गिरने से 18 यात्रियों की मौत 

300 मीटर गहरी ढलान से नीचे नदी किनारे जा गिरी

काठमांडू ।नेपाल में एक बार फिर सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। सोमवार तड़के करीब 1:15 बजे पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस धादिंग जिले में त्रिशूली नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 25 यात्री घायल हैं। यह दुर्घटना बेनिघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका-3 के चिनाधारा, चरौंडी इलाके में हुई। बस पृथ्वी हाईवे पर चल रही थी, तभी अचानक सड़क से फिसलकर करीब 300 मीटर गहरी ढलान से नीचे नदी किनारे जा गिरी। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली।

काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक जिला ट्रैफिक पुलिस प्रमुख शिशिर थापा ने बताया कि मृतकों में छह महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं. घायलों में आठ महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की भी शामिल है. कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद नेपाली सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर राहत-बचाव अभियान में जुटे. रात का अंधेरा और पहाड़ी इलाका रेस्क्यू में बड़ी चुनौती बना रहा. प्रशासन ने कहा है कि जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।

6 फरवरी को भी हुआ था बड़ा हादसा

इससे पहले 6 फरवरी को नेपाल के बैतडी जिले में बारातियों से भरी बस लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। उस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई थी और 34 घायल हुए थे। बस दुल्हन को लेकर बजांग जा रही थी, तभी बड़गांव मोड़ पर अनियंत्रित हो गई। लगातार हो रहे इन हादसों ने नेपाल में सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहाड़ी सड़कों की खराब हालत, तेज रफ्तार और रात में लंबी दूरी की यात्रा अक्सर जानलेवा साबित हो रही है।नेपाल में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा हादसे ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि अगर सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे एक्सीडेंट रुकने वाली नहीं हैं।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts