आकाशीय बिजली गिरने से चर्च में लगी आग
बल्लियों से बनी छत होने के कारण फैली आग, दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू
मेरठ। थाना लालकुर्ती क्षेत्र में सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च में आकाशीय बिजली गिरने से आग लग गयी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
लालकुर्ती क्षेत्र के कैंट एरिया में सेंट्रल मैथोडिस्ट चर्च है। दोपहर अचानक यहां प्रार्थना सभा के बराबर में बने स्टोर से आग की लपटें व धुआं निकलता देख चौकीदार रोहित ने शोर मचा दिया। काफी लोग यहां आ गए। बताया जाता है कि रोहित ने फोन मिलाया लेकिन कंट्रोल रूम का नंबर नहीं मिला। इसके बाद वह अपने एक साथी को लेकर पुलिस लाइन फायर के आफिस में पहुंचे और सूचना दी। फायर की दो गाड़ी तत्काल रवाना हो गईं।
45 मिनट में पाया आग पर काबू
जाते ही दमकल की टीम आग बुझाने में जुट गईं। आग पूरे स्टोर में फैल चुकी थी। देखते ही देखते आग ने विक्राल रूप ले लिया। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद दो गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। आग बुझने के बाद चर्च के स्टाफ ने राहत की सांस ली। तब तक आस पास के काफी लोग वहां पहुंच चुके थे।
तेज धमाका, फिर उठने लगीं लपटें
सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च के प्रीस्ट एसके मसीह ने बताया कि वह अपने कमरे में थे। बारिश हो रही थी। अचानक बिजली चमकी। धमाका सुनकर बाहर आया तो देखा चर्च के एक तरफ से धुआं उठ रहा था। उन्होंने चौकीदार रोहित को आवाज लगाई और दरवाजा खुलवाया तो अंदर आग की लपटें उठ रहीं थीं।
आस पास के लोगों ने प्रयास शुरु किया
चर्च में आग की सूचना पर भीड़ जमा हो गई। आस पास में रहने वाले लोग भी आ गये। उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया और खुद ही आग पर काबू पाने के प्रयास शुरु कर दिए। तब तक रोहित पुलिस लाइन से दमकल की गाड़ी को लेकर आ चुका था। दमकल की टीम ने 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया।
स्टोर की दीवार में आई दरार
चर्च के सदस्य प्रकाश प्रसाद का कहना था कि धमाका और उसके बाद आग लगना यह आकाशीय बिजली से ही संभव है। सबसे बड़ी बात यह है कि स्टोर की जो बाहरी दीवारें हैं, उनमें दरार भी आ गई है। इससे पहले यह दरारें नहीं थीं। शार्ट सर्किट की संभावना यहां बहुत कम है।
आग की चपेट में आई धार्मिक किताबें
जिस स्टोर में आग लगी थी, वह मुख्य प्रार्थना हाल से सटा था। यहां चर्च के पर्दे, धार्मिक किताबें, चर्च से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात, गानों की किताबें रखीं थी जो पूरी तरह जल गईं। इस रूप के पास जो सोफे रखे थे, वह भी कुछ जल गए। सूचना पर पादरी शशि कपूर भी वहां पहुंच गए, जिन्होंने पूरी घटना के बारे में जाना।
आग के बाद चर्च में हुई प्रार्थना
चर्च में आग की सूचना मिलते ही कमेटी के काफी लोग पहुंच गए। प्रार्थना सभा का निर्णय लिया गया। इसके बाद वहां प्रार्थना की गई। सभी का केवल यही कहना था कि बड़ा हादसा टल गया। सही समय पर आग का पता चल गया, जिस कारण उस पर काबू भी पा लिया गया।


No comments:
Post a Comment