2 रिटायर्ड बैंक अफसरों के घर में चोरी

रात में छतों से घर में घुसे चोर , टोटियों तक को निकल कर ले गये 

 मेरठ। शहर की पुलिस के कांवड‍़ में डयूटी लगने को अपराधिक तत्व पूरा फायदा उठा रहे है। थाना नौंचदी क्षेत्र के एच ब्लॉक में चोरों ने  2 रिटायर्ड बैंक अधिकारियों के मकानों को निशाना बनाया। चोर छत के रास्ते घरों में घुसे और लाखों के नकदी और जेवर ले गए। थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर चोरो की तलाश में जुट गयी है। 

पहली चोरी एसबीआई से रिटायर्ड असिस्टेंट मैनेजर स्व. नारायण दास खत्री के घर में हुई। उनकी पत्नी सुरेश खत्री कैंसर का इलाज कराने 30 अप्रैल को दिल्ली गई थीं। शुक्रवार को पड़ोसियों ने छत पर पानी भरने की सूचना दी। बेटी अनु जब मेरठ पहुंची तो छत का दरवाजा और अंदर के गेट टूटे मिले। चोर लॉकर तोड़कर एक लाख रुपए नकद, सोने की अंगूठी, दो चेन और सोने के दो टॉप्स और कड़े ले गए।

दूसरी चोरी एसबीआई से रिटायर्ड असिस्टेंट मैनेजर पीएन चोपड़ा के घर में हुई। वे दिल्ली अपने बेटे के पास गए थे। लौटने पर छत का दरवाजा टूटा मिला। चोर नकदी और आभूषण के साथ पानी की टोटी तक ले गए।पुलिस का मानना है कि दोनों वारदातें एक ही गिरोह ने लगभग 5 दिन पहले की हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। इसी दौरान शताब्दी नगर के एक डिपार्टमेंटल स्टोर में भी लाखों की चोरी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts